Breaking
Sat. Jun 13th, 2026

जगन्नाथपुर में पहुंचा न्याय रथ, विद्यार्थियों को स्वास्थ्य एवं विधिक अधिकारों के प्रति किया जागरूक

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) द्वारा संचालित 90 दिवसीय विधिक जागरूकता एवं आउटरीच अभियान के तहत न्याय रथ शनिवार को जगन्नाथपुर पहुंचा। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन तथा सचिव रवि चौधरी के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के अंतर्गत राजकीय रसेल उच्च विद्यालय प्लस-टू, जगन्नाथपुर में विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके स्वास्थ्य संबंधी अधिकारों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं, निःशुल्क विधिक सहायता सेवाओं तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार की भूमिका से अवगत कराना था। इस दौरान विद्यार्थियों को कानून संबंधी बुनियादी जानकारी देने के साथ-साथ समाज में जागरूक नागरिक के रूप में उनकी भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के मुख्य एलएडीसी अधिवक्ता सुरेंद्र प्रसाद ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को प्राधिकार की ओर से निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने कहा कि कानून की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है, ताकि वह अपने अधिकारों की रक्षा कर सके और आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध विधिक सेवाओं का लाभ उठा सके।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की प्रतिनिधि लक्ष्मी मुंडा ने विद्यार्थियों को टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समय पर टीकाकरण से कई गंभीर बीमारियों की रोकथाम संभव है और यह बच्चों एवं युवाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जिले में चल रहे टीकाकरण अभियान से जुड़ने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सुषमा जोंको ने लीगल लिटरेसी क्लब की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक रूप से जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।

वहीं पारा लीगल वॉलंटियर उमर सादिक ने थाना स्तर पर नियुक्त पारा लीगल वॉलंटियर की भूमिका और कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पारा लीगल वॉलंटियर जरूरतमंद लोगों को विधिक सहायता से जोड़ने तथा उन्हें उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का कार्य करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं से संबंधित विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही।

Related Post