चाईबासा: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत कोंकोवा गांव निवासी 14 वर्षीय दीपक देवगम को कोबरा सांप के काटने के बाद गंभीर अवस्था में चाईबासा सदर अस्पताल लाया गया। बताया गया कि घटना के समय बच्चे के माता-पिता घर पर मौजूद नहीं थे।
ऐसे में पड़ोसी संदीप देवगम और रतन गोप ने तत्परता दिखाते हुए दीपक को तत्काल सदर अस्पताल, चाईबासा पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्चे को एंटी-वेनम इंजेक्शन दिया और उसका इलाज शुरू किया। बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए रेफर करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने खुंटपानी प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा से सहायता की अपील की। इसके बाद सिद्धार्थ होनहागा सदर अस्पताल पहुंचे और बच्चे की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जिला उपाध्यक्ष शिवचरण हांसदा से संपर्क कर बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
चिकित्सकों के अनुसार बच्चे की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है। समय पर अस्पताल पहुंच जाने से उपचार शुरू हो सका, जिससे उसकी जान बचाने की संभावना बढ़ी है।
इस मौके पर सिद्धार्थ होनहागा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सांप काटने की स्थिति में झाड़-फूंक या ओझा-गुनी के चक्कर में पड़ने के बजाय मरीज को तुरंत अस्पताल पहुंचाना चाहिए। उन्होंने कहा कि समय पर चिकित्सा सुविधा मिलने से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है।

