चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत न्यू कॉलोनी नीमडीह स्थित संतोषी मंदिर के समीप रहने वाले 23 वर्षीय चंदन कुमार यादव ने बुधवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
गुरुवार को मृतक के बड़े भाई पुरेंद्र यादव ने बताया कि बुधवार रात परिवार के सभी सदस्य एक साथ भोजन करने के बाद अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। चंदन ने भी भोजन करने के बाद सोने की बात कही थी। गुरुवार सुबह करीब 7 से 7:30 बजे के बीच जब उनकी पत्नी घर की छत पर पौधों में पानी देने गईं, तब उन्होंने देखा कि चंदन फांसी के फंदे से लटका हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद तत्काल सदर थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
पुरेंद्र यादव ने बताया कि चंदन का व्यवहार काफी अच्छा था और वह सभी लोगों से मिल-जुलकर रहता था। उन्होंने बताया कि चंदन विभिन्न औद्योगिक परियोजनाओं में काम करता था। पावर प्लांट, सीमेंट प्लांट अथवा अन्य परियोजनाओं में जहां भी काम मिलता था, वह वहां रोजगार करता था। हालांकि पिछले लगभग दो से ढाई माह से वह किसी काम पर नहीं गया था और घर पर ही रह रहा था।
परिवार के लोगों ने बताया कि उन्हें अब तक यह समझ नहीं आ रहा है कि चंदन ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। घटना के कारणों को लेकर परिवार भी चिंतित और परेशान है।
इधर सदर थाना प्रभारी हीरालाल महतो ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

