जमशेदपुर: आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-17 स्थित ग्रीन वैली में चोरी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। अज्ञात बदमाशों ने एक घर में घुसकर सोने के आभूषण और दो मोबाइल फोन चोरी कर लिए। मामले में पीड़िता फरजाना खातून ने आजादनगर थाना में लिखित शिकायत देकर चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
फरजाना खातून ने बताया कि घर में रखे सोने के कई कीमती आभूषण और वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन अचानक गायब मिले। परिवार के सदस्यों ने पूरे घर और आसपास के इलाके में तलाश की, लेकिन सामान का कोई सुराग नहीं मिला। चोरी गए सामान में सोने की अंगूठियां, झुमके, चूड़ियां, बालियां, लॉकेट समेत अन्य जेवरात शामिल हैं। पीड़िता के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग चार लाख रुपये है।
उन्होंने बताया कि घटना के समय उनके पति ड्यूटी पर गए हुए थे, जबकि वह अपनी बेटी के साथ एक कमरे में सो रही थीं। मंगलवार रात में घर की ग्रिल में ताला लगाया गया था। बुधवार सुबह पति के वापस आने पर ग्रिल खोली गई और इसके बाद परिवार के सदस्य अपने-अपने कमरों में आराम करने चले गए। इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर घर में प्रवेश किया और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। परिवार का मानना है कि बदमाश ग्रिल का लॉक खोलकर घर के भीतर घुसे थे।
घटना के बाद परिवार चिंता और परेशानी में है। फरजाना खातून का कहना है कि शिकायत दर्ज कराए जाने के बावजूद अब तक मामले में कोई ठोस सफलता नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने घटना के दौरान उनके घर से दो से तीन संदिग्ध महिलाओं को बाहर निकलते हुए देखा था। इसी वजह से परिवार को शक है कि चोरी की वारदात में उन्हीं महिलाओं का हाथ हो सकता है।
फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर संभावित आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

