Breaking
Tue. Oct 6th, 2026

चाकुलिया में छत पर सफाई के दौरान 11 हजार वोल्ट तार की चपेट में आया युवक, मौत

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र स्थित मुस्लिम बस्ती के बेमको इलाके में मंगलवार को 11 हजार वोल्ट की बिजली तार की चपेट में आने से युवक घनश्याम सिंह की मौत हो गयी। घटना के बाद इलाके में मातम छा गया। मृतक रत्नेश सिंह का छोटा पुत्र था।

बताया जाता है कि घनश्याम सिंह मंगलवार दोपहर अपने घर की छत पर साफ-सफाई का काम कर रहा था। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में वह आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौत हो गयी।

घटना की जानकारी मिलते ही चाकुलिया पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। इधर, हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण रत्नेश सिंह के घर पहुंचने लगे। बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोग परिजनों को ढांढस बंधाते रहे।

हादसे के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश देखा गया। लोगों का आरोप है कि घर की छत के ऊपर से 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन गुजारी गयी है, लेकिन तार की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

Related Post