Breaking
Tue. Oct 6th, 2026

सात दिन के नवजात की गला दबाकर हत्या, दलदल में दफनाया शव; ग्रामसभा में मां ने कबूला जुर्म

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के अंधारी गांव में सात दिन के नवजात की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि नवजात की मां ने ही उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और शव को गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर पुटीसाल के सुनसान दलदली इलाके में गड्ढा खोदकर दफना दिया। बच्चे के अचानक गायब होने के बाद ग्रामीणों को शक हुआ कि उसे कहीं बेच दिया गया है। मामले की सच्चाई जानने के लिए सोमवार को गांव में विशेष ग्रामसभा बुलायी गयी। ग्रामसभा में पूछताछ के दौरान महिला ने नवजात की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।

गांव के मुंडा विजय हेम्ब्रम की अध्यक्षता में हुई ग्रामसभा में ग्रामीणों ने महिला से बच्चे के गायब होने के संबंध में पूछताछ की। पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि उसने 26 सितंबर की सुबह नवजात की गला दबाकर हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को पुटीसाल स्थित दलदली क्षेत्र में दफना दिया। महिला के बयान के बाद ग्रामीण उसके साथ उक्त स्थान पर पहुंचे। महिला की निशानदेही पर जमीन की खुदाई कर नवजात का शव बाहर निकाला गया। बाद में शव को उसी स्थान पर दोबारा दफना दिया गया।

ग्रामीणों के अनुसार, अंधारी गांव की महिला के घर 22 सितंबर को बच्चे का जन्म हुआ था। जन्म के महज चार दिन बाद 26 सितंबर को नवजात की हत्या किये जाने का आरोप है। घटना के बाद महिला कुछ दिनों के लिए गांव से बाहर चली गयी थी। मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों ने आरोपी महिला, उसके तीन वर्षीय बेटे और उसकी मां को बस्ती से बाहर कर दिया।

घटना की जानकारी मिलने पर कुमारडुंगी थाना प्रभारी सुनील कुमार चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव पहुंची और ग्रामीणों से पूरे मामले की जानकारी ली। थाना प्रभारी ने मंगलवार को बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गयी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

Related Post