Breaking
Sat. Jun 13th, 2026

जुगसलाई में रंगदारी, फायरिंग और तोड़फोड़ मामले का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर। जुगसलाई थाना क्षेत्र के मिल्लत नगर स्थित महतो पाड़ा रोड में इम्तियाज जनरल स्टोर पर रंगदारी को लेकर हुई मारपीट, तोड़फोड़ और फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में मोहम्मद अरमानुद्दीन उर्फ पलटन, मोहम्मद अरमान उर्फ राज बच्चा, जफर अली उर्फ मुर्गा राजू, मोहम्मद आसिफ अंसारी और अमनदीप सिंह शामिल हैं।

बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 31 मई को आरोपियों ने इम्तियाज जनरल स्टोर पहुंचकर दुकानदार मोहम्मद इम्तियाज के साथ मारपीट की थी। इस दौरान दुकान में रखी वेट मशीन समेत अन्य सामानों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैलाने के उद्देश्य से दो राउंड हवाई फायरिंग भी की गई थी। पीड़ित दुकानदार की लिखित शिकायत पर जुगसलाई थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी मोहम्मद अरमानुद्दीन उर्फ पलटन ने फायरिंग करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त अवैध देशी पिस्तौल भी बरामद कर ली।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस, घटनास्थल से मिला एक खोखा और एक पिलेट, घटना में प्रयुक्त स्कूटी तथा चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से रहा है। मुख्य आरोपी पलटन, राज बच्चा, मुर्गा राजू और अमनदीप सिंह के खिलाफ जुगसलाई एवं टेल्को थाना क्षेत्रों में आर्म्स एक्ट, मारपीट और एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Related Post