चतरा: जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 83.79 किलोग्राम अफीम डोडा बरामद किया है। मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रतापपुर थाना क्षेत्र के चरका खुर्द गांव निवासी एक व्यक्ति अपने घर में भारी मात्रा में अफीम डोडा छिपाकर रखा है। सूचना के सत्यापन के बाद एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सन्नी वर्धन के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने चरका खुर्द निवासी सुनील कुमार के घर से छह बोरियों में छिपाकर रखा गया अफीम डोडा बरामद किया। जब्त सामग्री का कुल वजन 83 किलो 79 ग्राम पाया गया। पुलिस के अनुसार बरामद अफीम डोडा की अनुमानित बाजार कीमत 12 लाख 56 हजार 850 रुपये है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जानकारी एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दी। उन्होंने कहा कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

