Breaking
Wed. May 20th, 2026

थार में छिपाकर हो रही थी ब्राउन शुगर की तस्करी, लोहरदगा पुलिस ने 10 ग्राम नशीला पदार्थ के साथ दो युवकों को दबोचा

लोहरदगा: लोहरदगा पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महिन्द्रा थार वाहन से करीब 10 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर बरामद की है। पुलिस ने मौके से दो युवकों को गिरफ्तार करते हुए वाहन और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इस कार्रवाई के बाद जिले में अवैध मादक पदार्थ कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रत्नेश मोहन ठाकुर ने प्रेस को बताया कि 18 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक लोहरदगा को गुप्त सूचना मिली थी कि चंदवा-लोहरदगा रोड के रास्ते अवैध ब्राउन शुगर खरीद-बिक्री के उद्देश्य से ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम में एसआई आदर्श कुमार, एएसआई चन्द्रदीप मेहता सहित लोहरदगा थाना के सशस्त्र बल शामिल थे। अंचलाधिकारी लोहरदगा की उपस्थिति में पुलिस ने कुजरा स्थित दुर्गा मंदिर के पास वाहन जांच अभियान चलाया। वाहन चेकिंग के दौरान काले रंग की महिन्द्रा थार वाहन संख्या जेएच 01 ईएफ 0040 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में सवार दो युवकों से पूछताछ करने पर चालक ने अपना नाम साजन नायक, निवासी अंबेडकर नगर लोहरदगा तथा दूसरे युवक ने अपना नाम राजन कुमार महतो, निवासी ईंटा लोहरदगा बताया। अंचलाधिकारी की मौजूदगी में वाहन की विधिवत तलाशी लेने पर चालक सीट के नीचे बिछे काले मैट के अंदर सफेद कागज में छिपाकर रखा गया संदिग्ध पदार्थ बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों युवकों ने स्वीकार किया कि बरामद पदार्थ ब्राउन शुगर है। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर इसकी मात्रा करीब 10 ग्राम पाई गई। पुलिस ने मौके से महिन्द्रा थार वाहन, करीब 10 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर तथा दो मोबाइल फोन जब्त करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में लोहरदगा थाना कांड संख्या-80/26 दिनांक 18.05.2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल में एसआई आदर्श कुमार, एसआई पप्पू कुमार, एएसआई चन्द्रदीप मेहता, लोहरदगा थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

Related Post