Breaking
Thu. Oct 8th, 2026

रक्षाबंधन पर मातम में बदली खुशियां, तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत

धनबाद। रक्षाबंधन के पर्व पर धनबाद जिले के तोपचांची थाना क्षेत्र के रंगलीटांड़ गांव में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। गांव के एक तालाब में नहाने के दौरान तीन बच्चों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चियां और एक बच्चा शामिल हैं। त्योहार के दिन हुई इस घटना से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, रंगलीटांड़ गांव के रहने वाले तीन बच्चे रूझझल, कुंदरी और आभा शुक्रवार को तालाब में स्नान करने गए थे। इसी दौरान एक बच्ची तालाब के गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। उसे डूबता देख साथ मौजूद दोनों बच्चों ने उसे बचाने की कोशिश की। पानी अधिक गहरा होने के कारण वे भी अपना संतुलन खो बैठे और तीनों बच्चे एक साथ पानी में डूब गए।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तालाब में बच्चों की तलाश शुरू कर दी। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

रक्षाबंधन के दिन हुई इस हृदयविदारक घटना से गांव का माहौल गमगीन हो गया। बच्चों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है।

Related Post