जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को सड़क हादसे में 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान बागुनहातु डी ब्लॉक निवासी अंजनी बावरी के रूप में हुई है। वह घरेलू कामकाज कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थी।
परिजनों के अनुसार अंजनी बावरी प्रतिदिन की तरह शुक्रवार की सुबह भी काम के लिए घर से निकली थी। करीब साढ़े दस बजे उसके पति गणेश बावरी को सूचना मिली कि एक नंबर रोड के किनारे अंजनी घायल अवस्था में पड़ी हुई है। बताया गया कि उसे किसी अज्ञात वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया था।
सूचना मिलने के बाद परिवार के सदस्य और परिचित मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल अंजनी को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन दोपहर बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है। परिजनों ने सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अहमद से मुलाकात कर अज्ञात वाहन के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का प्रयास है कि फुटेज के आधार पर दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।

