बोकारो। शहर में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं के बीच बोकारो पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बीएस सिटी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से बोकारो सिटी एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। इस संबंध में बीएस सिटी थाना समेत अन्य थानों में कई मामले दर्ज किए गए थे। बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक नगर आलोक रंजन के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी के दौरान पुलिस ने धीरज कुमार (24) निवासी गेमन कॉलोनी, बीएस सिटी तथा अर्पित कुमार (19) निवासी तीरो, थाना जरीडीह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने बाइक चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उनके पास से एक रॉयल एनफील्ड बुलेट, दो बजाज पल्सर, एक हीरो ग्लैमर और एक हीरो पैशन प्रो समेत कुल पांच चोरी की बाइक बरामद की। इस मामले में बीएस सिटी थाना कांड संख्या 99/2026, 100/2026 एवं 102/2026 दर्ज है। छापेमारी टीम में बीएस सिटी थाना प्रभारी सुदामा कुमार दास समेत कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।
बोकारो पुलिस को बड़ी सफलता, बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ — दो गिरफ्तार, चोरी की पांच मोटरसाइकिल बरामद

