चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला परिवहन कार्यालय की ओर से सोमवार को चाईबासा के सरायकेला मोड़ के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व मोटरयान निरीक्षक नेल्सन तिर्की और कृष्णा सोरेन ने किया। इस दौरान सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए वाहनों की गहन जांच की गई।
अभियान के दौरान विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट और चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट के उपयोग की जांच की गई। इसके अलावा वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, बीमा और अन्य जरूरी दस्तावेजों की भी पड़ताल की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया।
मोटरयान निरीक्षक ने बताया कि जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहनों की संख्या अधिक पाई जा रही है। कई मामलों में हेलमेट नहीं पहनने के कारण लोगों की जान जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें।
जांच अभियान के दौरान कुल 23 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आगे भी नियमित जांच अभियान जारी रहेगा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़े।

