चाईबासा: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा) के निर्देश पर 90 दिवसीय विशेष जागरूकता कार्यक्रम के तहत मांगीलाल रूंगटा प्लस टू उच्च विद्यालय, चाईबासा में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष मोहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम में डालसा सचिव रवि चौधरी ने छात्र-छात्राओं को उनके मौलिक अधिकार एवं कर्तव्यों की जानकारी दी।
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया तथा शिक्षा के अधिकार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 6 से 14 वर्ष तक के बच्चों को निशुल्क शिक्षा का अधिकार प्राप्त है।
रवि चौधरी ने साइबर अपराध से बचने के उपाय बताते हुए कहा कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत टोल फ्री नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करनी चाहिए। उन्होंने बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी देते हुए कहा कि बाल सुरक्षा और शोषण से बचाव के लिए इस हेल्पलाइन का उपयोग किया जा सकता है।
कार्यक्रम में यातायात नियमों के पालन को लेकर भी जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि ड्राइविंग लाइसेंस के बिना वाहन चलाना दंडनीय और खतरनाक है, जिससे दुर्घटना होने की संभावना रहती है।
पीएलबी रेणु देवी ने फॉस्टर केयर एवं स्पॉन्सरशिप योजना की जानकारी दी। पीएलबी हेमराज निषाद ने डालसा की कार्यप्रणाली और संरचना के बारे में बताया। वहीं पीएलबी जया रवि ने मानव तस्करी से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि बड़े सपने दिखाकर बच्चों को महानगरों में ले जाकर उनका शोषण किया जा रहा है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक और शिक्षिकाएं उपस्थित थे। धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय की प्रधान अध्यापिका शिल्पा गुप्ता ने किया।

