Breaking
Tue. Jul 14th, 2026

गुवा सेल अस्पताल की बदहाल व्यवस्था पर भड़के मजदूर, यूनियन ने दी आंदोलन की चेतावनी

गुवा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा स्थित सेल अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सोमवार शाम झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन के बैनर तले ठेका मजदूरों, सेल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। शाम करीब पांच बजे सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल परिसर का घेराव कर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। करीब एक घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीआईएसएफ के जवानों की तैनाती की गई थी।

प्रदर्शन का नेतृत्व यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने किया। बाद में यूनियन प्रतिनिधियों ने अस्पताल प्रबंधन को मांगपत्र सौंपते हुए चिकित्सा व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की। यूनियन ने आरोप लगाया कि डॉ. ए.के. अमन के चिकित्सा प्रभारी बनने के बाद अस्पताल की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। मरीजों और उनके परिजनों के साथ दुर्व्यवहार, इलाज में लापरवाही और मूलभूत सुविधाओं की कमी से लोगों में भारी नाराजगी है।

मजदूर नेताओं ने कहा कि अस्पताल में दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता नहीं रहती, वार्ड और शौचालयों की साफ-सफाई खराब है तथा नई एक्स-रे मशीन की आवश्यकता है। यूनियन ने सातों दिन लैब जांच सुविधा चालू रखने, गर्भवती महिलाओं के लिए बेहतर प्रसूति सेवा, अल्ट्रासोनोग्राफी और मरीजों के लिए बेहतर भोजन व्यवस्था की मांग भी उठाई। राउरकेला सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल रेफर किए जाने वाले मरीजों को कागजी प्रक्रिया के नाम पर परेशान किए जाने का भी आरोप लगाया गया।

रामा पांडे ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो यूनियन चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी और जरूरत पड़ने पर गुवा आयरन माइंस का उत्पादन एवं डिस्पैच भी ठप किया जा सकता है।

Related Post