जमशेदपुर: लौह नगरी जमशेदपुर में 16 और 17 मई को राष्ट्रीय स्तर की सौंदर्य एवं प्रतिभा प्रतियोगिता “मिस/मिसेज/मिस्टर/टीन एंड किड्स इंडिया एशिया 2026” का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता होटल क्रूज़, आदित्यपुर में आयोजित होगी। कार्यक्रम का आयोजन एम.वी. प्रोडक्शन एवं स्काईवे करियर हब द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार यह झारखंड का एकमात्र राष्ट्रीय स्तर का पेजेंट है, जिसमें देशभर से प्रतिभागी अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में पंजाब, बिहार, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, ओडिशा समेत कई राज्यों के प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
इस वर्ष ऑनलाइन और ऑफलाइन ऑडिशन के माध्यम से 500 से अधिक उम्मीदवारों ने भाग लिया, जिनमें से 60 प्रतिभागियों को ग्रैंड फिनाले के लिए चुना गया है। प्रतियोगिता के दौरान 10 से 12 राउंड आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्रतिभागियों के व्यक्तित्व, मंच प्रदर्शन, आत्मविश्वास और प्रतिभा का मूल्यांकन किया जाएगा। इसके बाद चयनित प्रतिभागी टॉप-5 ग्रैंड फिनाले राउंड में पहुंचेंगे, जहां विजेताओं का चयन होगा।
विजेताओं को ग्रैंड क्राउन, ट्रॉफी, डायमंड पेंडेंट, दो लाख रुपये तक का अनुबंध, गिफ्ट हैम्पर और करियर के विशेष अवसर प्रदान किए जाएंगे।
एमवी प्रोडक्शन की एमडी अविष्का चंद ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने में होटल क्रूज़, स्काईवे करियर हब, झारक्राफ्ट, सैंडी फोटोग्राफी, लैक्मे अकादमी जमशेदपुर समेत अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य सौंदर्य, प्रतिभा, आत्मविश्वास और सपनों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है।
वहीं स्काईवे करियर हब के निदेशक कर्मवीर सोनी ने कहा कि यह केवल सौंदर्य प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि इसमें प्रतिभागियों के आईक्यू और सामान्य ज्ञान की भी परीक्षा ली जाएगी। इसके लिए विशेष टीम गठित की गई है, जो प्रतिभागियों से करंट अफेयर्स और आईक्यू आधारित प्रश्न पूछेगी।
प्रतियोगिता में मिस इंडिया, मिसेज इंडिया, मिस्टर इंडिया, टीन इंडिया एशिया और किड्स इंडिया एशिया 2026 के प्रतिभागियों का चयन विभिन्न आयु वर्गों में किया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कर्मवीर सोनी, अवविष्का चंद, झरना चंद, कबीर मुखी, अमनदीप सिंह विरदी, रंजन सिंह, विकास वर्मा और गुरकरण सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।

