Breaking
Mon. May 11th, 2026

दुबला टुंगरी जंगल में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, इलाके में फैली सनसनी

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत पहाड़पुर गांव निवासी 18 वर्षीय बुद्धनाथ बेसरा का शव सोमवार को दुबला टुंगरी जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक गांव निवासी सुनील बेसरा का पुत्र था और पिछले दो दिनों से घर से लापता था।

परिजनों के अनुसार बुद्धनाथ बेसरा शनिवार की शाम करीब चार बजे घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार को गांव के कुछ लोगों ने गांव से पश्चिम दिशा में करीब दो से ढाई किलोमीटर दूर दुबला टुंगरी जंगल में झाड़ियों के बीच एक जंगली करंज पेड़ से युवक का शव लटका देखा। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतारकर उसके घर ले आए।

बताया जा रहा है कि युवक ने अपनी गंजी और टी-शर्ट को जोड़कर फंदा बनाया था। घटनास्थल से पुलिस ने मृतक की चप्पल और फंदे में इस्तेमाल कपड़ा बरामद किया है। सूचना मिलने पर बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि बुद्धनाथ बेसरा मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसका इलाज रांची के कांके तथा पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में ब्रेन संबंधी बीमारी के लिए चल रहा था। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले को हर पहलू से जांच रही है।

Related Post