जमशेदपुर। खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं में स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में टाटा स्टील ने सोमवार को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में समर कैंप 2026 का शुभारंभ किया। टाटा स्टील के स्पोर्ट्स डिवीजन द्वारा आयोजित यह कैंप 11 मई से 31 मई 2026 तक चलेगा।
जमशेदपुर के अलावा टाटा स्टील के अन्य परिचालन क्षेत्रों टीएसके, टीएसएम और टीजीएस में भी इसी तरह के समर कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि खेल, फिटनेस और सामुदायिक सहभागिता की भावना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके। उद्घाटन समारोह में टाटा स्टील के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे। इस अवसर पर कंपनी ने खेलों को सामुदायिक विकास और युवा सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस वर्ष समर कैंप के लिए करीब दो हजार प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है, जो बच्चों, युवाओं और वयस्कों में खेल एवं फिटनेस गतिविधियों के प्रति बढ़ते उत्साह को दर्शाता है। कैंप में समावेशिता को भी विशेष महत्व दिया गया है। इसमें 40 विशेष आवश्यकता वाले बच्चों और लगभग 100 ‘मस्ती की पाठशाला’ के बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
समर कैंप में प्रतिभागियों को 19 खेल और गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनमें एथलेटिक्स, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, फुटबॉल, तैराकी, योग, जुम्बा, कराटे, बॉक्सिंग, शतरंज, बास्केटबॉल, घुड़सवारी, रोलर स्केटिंग समेत कई अन्य खेल शामिल हैं। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी 4 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए रोल बॉल स्केटिंग की विशेष व्यवस्था की गई है।
इस बार कैंप का सबसे बड़ा आकर्षण विश्वभर में तेजी से लोकप्रिय हो रहे खेल पिकलबॉल को शामिल किया जाना है। यह खेल सभी आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए उपलब्ध रहेगा। वयस्कों के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण, फिटनेस और वजन प्रबंधन से जुड़े विशेष सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा अभिभावकों के लिए मनोरंजक और सहभागिता आधारित कार्यक्रम भी समय-समय पर आयोजित होंगे।
कैंप के दौरान विभिन्न आयु वर्ग के लिए विशेषज्ञों द्वारा कार्यशालाएं भी आयोजित की जाएंगी। 6 से 12 वर्ष के बच्चों के लिए खेल आधारित गतिविधियों के माध्यम से स्वास्थ्य, रचनात्मकता, टीमवर्क और कहानी कहने की कला पर सत्र होंगे, जबकि 13 से 19 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों को नेतृत्व क्षमता, मानसिक मजबूती, संवाद कौशल और दबाव में प्रदर्शन जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रतिभागियों के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी प्रशिक्षकों और कोचों को पॉश (POSH) और नैतिक आचरण संबंधी प्रशिक्षण दिया गया है। साथ ही टाटा स्टील की इन-हाउस न्यूट्रिशनिस्ट द्वारा खेल पोषण और शरीर में जल संतुलन बनाए रखने से संबंधित जानकारी भी दी जाएगी।
टाटा स्टील ने कहा कि समर कैंप 2026 के माध्यम से कंपनी खेल उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के साथ-साथ समाज के सभी वर्गों के लिए समावेशी और सर्वांगीण विकास का मंच तैयार करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

