बोकारो। लगातार मोबाइल गुम होने और चोरी की बढ़ती शिकायतों के बीच बोकारो पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 47 खोए हुए मोबाइल बरामद किए हैं। पुलिस की इस पहल से उन लोगों के चेहरों पर फिर मुस्कान लौट आई, जिनकी उम्मीदें अपने मोबाइल वापस मिलने को लेकर लगभग खत्म हो चुकी थीं। पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर जिले के विभिन्न थानों ने सीईआईआर पोर्टल की मदद से विशेष अभियान चलाया। लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सभी थाना प्रभारियों को गुम या चोरी हुए मोबाइल जल्द बरामद करने का आदेश दिया गया था।
— कई थानों की संयुक्त कार्रवाई से मिली सफलता :
एसपी के निर्देश के बाद बीएस सिटी थाना, हरला थाना, सेक्टर-4 थाना, सेक्टर-12 थाना और सेक्टर-6 थाना की पुलिस ने तकनीकी जांच और सीईआईआर पोर्टल के जरिए कार्रवाई शुरू की। अभियान के दौरान कुल 47 मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद सभी मोबाइल धारकों को संबंधित थानों द्वारा सूचना दी गई। शनिवार को बीएस सिटी थाना में मोबाइल धारकों का सत्यापन कर उनके फोन वापस सौंपे गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।
—- थानावार बरामद मोबाइल की संख्या
तकनीकी जांच और सीईआईआर पोर्टल की सहायता से सबसे ज्यादा 33 मोबाइल बीएस सिटी थाना क्षेत्र से बरामद किए गए। वहीं हरला थाना पुलिस ने 8 मोबाइल, सेक्टर-12 थाना ने 3 मोबाइल, सेक्टर-4 थाना ने 2 मोबाइल और सेक्टर-6 थाना ने 1 मोबाइल बरामद करने में सफलता हासिल की।
— आमजनों से पुलिस की अपील:
बोकारो पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाना में सूचना दें और सरकार के सीईआईआर पोर्टल पर आवश्यक जानकारी दर्ज करें। पुलिस के अनुसार यदि गुम या चोरी हुआ मोबाइल कोई अन्य व्यक्ति इस्तेमाल करता है, तो इसकी सूचना आवेदक और संबंधित थाना दोनों को मिल जाएगी, जिससे मोबाइल बरामद करने में आसानी होगी।

