चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में उद्योगपति पदम कुमार जैन के प्रायोजन से आयोजित 15वीं ज्ञान चंद जैन अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता में आज दो लीग मैच खेले गए।
ग्रुप-ए में पी एम श्री केंद्रीय विद्यालय चक्रधरपुर ने डीपीएस पब्लिक स्कूल चाईबासा को हराकर और ग्रुप-डी में संत जेवियर्स बालक उच्च विद्यालय चाईबासा ने सीतानाथ महतो विद्या मंदिर सोनुवा को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले मैच में केंद्रीय विद्यालय चक्रधरपुर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 183 रन बनाए। आमीर परवेज ने 71 गेंदों पर 102 रन की पारी खेली, जिसमें 12 चौके और 3 छक्के शामिल थे। साकेत यादव ने 29 रन बनाए। डीपीएस की ओर से प्रियांशु कुमार नाग ने 3 विकेट लिए, जबकि आयुष निषाद और केशव प्रैक्टिस को 1-1 विकेट मिला।
लक्ष्य का पीछा करते हुए डीपीएस पब्लिक स्कूल की टीम 20 ओवर में 143 रन पर ऑल आउट हो गई। सुमन उरांव ने 38, राजेंद्र गोप ने 32, लक्ष्मण सामड़ ने 24 और गौरव मिश्रा ने 12 रन बनाए। केंद्रीय विद्यालय की ओर से साकेत यादव ने 3 और सजल महतो ने 2 विकेट लिए, जबकि वैभव दत्ता और रौनिक घोष को 1-1 विकेट मिला। आमीर परवेज को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मैच में संत जेवियर्स बालक उच्च विद्यालय चाईबासा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 220 रन बनाए। आलोक कुमार महतो ने 35 गेंदों पर 66 रन बनाए। आयुष बहादुर ने 34, रिषभ राज ने 25, सूरज कुमार महतो ने 24 और सावन गोप व शिवम लाल विश्वकर्मा ने 10-10 रन बनाए। सीतानाथ महतो विद्या मंदिर की ओर से जयमसीह कच्छप ने 2 विकेट लिए, जबकि साधु चरण दिग्गी, अमन महतो, रोहित महतो और शिवचरण कायम को 1-1 विकेट मिला।
जवाब में सोनुवा की टीम 7.5 ओवर में 40 रन पर सिमट गई। सावन गोप ने 5 विकेट और सरीम सज्जाद ने 3 विकेट लिए। आलोक कुमार महतो को मैन ऑफ द मैच दिया गया।
संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने बताया कि 6 और 7 मई को क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। 8 मई को सेमीफाइनल और 10 मई को फाइनल मैच होगा।

