चाईबासा: भारतीय जनता पार्टी चाईबासा नगर की बैठक जिला कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष राकेश पोद्दार ने की। कार्यक्रम में पूर्व विधायक जवाहरलाल बानरा और नगर प्रभारी सह जिला मंत्री राजश्री बानरा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पार्चन कर की गई।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि 7 मई को जल संकट को लेकर एकदिवसीय आक्रोश प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें सभी कार्यकर्ता भाग लेंगे। साथ ही बीते कार्यक्रमों की समीक्षा भी की गई।
राजश्री बानरा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की योजनाएं पहुंचाने के लिए काम करती है। उन्होंने कहा कि राज्य में अब भी कई लोग सरकारी सुविधाओं से वंचित हैं, जिन्हें चिन्हित कर लाभ दिलाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका चुनाव हारने के बावजूद पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर सड़क पर आंदोलन जारी रखेगी। उन्होंने नो एंट्री की समस्या, बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और प्रशासन की निष्क्रियता का भी जिक्र किया।
पूर्व विधायक जवाहरलाल बानरा ने कहा कि कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ आंदोलन करना होगा और संगठन को मजबूत बनाना होगा। उन्होंने नारी शक्ति वंदन विधेयक का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को इसके बारे में जागरूक करना जरूरी है। साथ ही युवा मोर्चा के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को पार्टी से जोड़ने पर जोर दिया गया।
बैठक का संचालन महामंत्री दिलीप साव ने किया और धन्यवाद ज्ञापन रोहित दास ने दिया।
बैठक में सतीश पुरी, रमेश खीरवाल, पवन शर्मा, वीरेंद्र कुमार, संजय राम तुरी, अजय झा, रीना कर, मृदुला निषाद, हेमंती विश्वकर्मा, नितिन विश्वकर्मा, डॉली कर, अंगद साव, अमोल विश्वकर्मा, मुकेश सिंह, रवि विश्वकर्मा, कामेश्वर विश्वकर्मा, सुप्रिया दास, अनूप प्रसाद, रितेश कुमार पिंटू सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

