चतरा : चतरा पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतापपुर थाना क्षेत्र से 282 किलोग्राम अवैध डोडा बरामद किया है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 42 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
एसडीपीओ सदर संदीप सुमन ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कुंदा की ओर से एक मालवाहक ऑटो में धान की बोरियों के नीचे डोडा छिपाकर बिहार भेजा जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद उनके नेतृत्व में प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी व सशस्त्र बल के जवानों की विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।
टीम ने बलवादोहर गांव के पास घेराबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान कुंदा की ओर से आ रहे भूरे रंग के ऑटो (JH02BG-2536) को रोका गया। तलाशी के दौरान ऊपर रखी धान की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई 10 बोरियों से 282 किलो अवैध डोडा बरामद हुआ।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि डोडा को ड्राई स्टेट बिहार में खपाने की तैयारी थी। मौके से प्रतापपुर थाना क्षेत्र के गोमे निवासी 27 वर्षीय अजय कुमार साव को गिरफ्तार किया गया।
इस संबंध में प्रतापपुर थाना में एनडीपीएस एक्ट एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप है।

