Breaking
Sat. May 2nd, 2026

चाईबासा में स्ट्रीट फूड वेंडर्स की जांच, कई जगह मिली गंदगी

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी धनेश्वर हेम्ब्रम ने शनिवार को चाईबासा शहर के विभिन्न इलाकों में स्ट्रीट फूड वेंडर्स की स्वच्छता व्यवस्था की जांच की। इस दौरान जेवियर चौक पताहातु, बस स्टैंड, बाबा मंदिर, महुलसाई, गांधी टोला और मधु बाजार चौक के आसपास संचालित ठेले-खोमचे की स्थिति का निरीक्षण किया गया।

जांच के दौरान कई स्थानों पर साफ-सफाई असंतोषजनक पाई गई। साथ ही आलू चॉप, समोसा, जलेबी, पकौड़ी और चाट जैसी खाद्य सामग्री खुले में रखी हुई मिली। इस पर सभी संचालकों को सख्त निर्देश दिया गया कि खाद्य सामग्री को जालीदार ढक्कन से ढककर रखें या शीशे के कैबिनेट का उपयोग करें।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने ठेला संचालकों को एप्रोन, हेड कवर और ग्लव्स पहनकर काम करने, शुद्ध पेयजल का उपयोग करने और व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने का निर्देश दिया।

जांच के दौरान कुछ ठेलों पर चाट और चटनी में चंपा या गाय छाप रंग का उपयोग पाया गया, जिसे तुरंत नष्ट करवाया गया।

सभी संचालकों को चेतावनी दी गई कि दोबारा ऐसे रंगों का इस्तेमाल करते पाए जाने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Post