Breaking
Sat. May 2nd, 2026

जमशेदपुर में रेपीडो के किराया कटौती के खिलाफ ऑटो चालकों में आक्रोश, यूनियन ने दी आंदोलन की चेतावनी

जमशेदपुर : शहर में ऐप आधारित सेवा से जुड़े ऑटो चालकों के बीच इन दिनों असंतोष का माहौल है। टेंपो चालक संघर्ष यूनियन के संरक्षक डॉ. पवन पांडेय ने बताया कि यूनियन से जुड़े कई ऑटो चालक रेपीडो प्लेटफॉर्म के तहत अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन हाल के दिनों में कंपनी द्वारा प्रति किलोमीटर किराया घटाए जाने से चालकों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि यह निर्णय बिना किसी पूर्व सूचना के लिया गया, जो न सिर्फ गलत है बल्कि नियमों के खिलाफ भी है। इस मुद्दे को लेकर पहले भी शहर के कई ऑटो चालकों ने विरोध जताया था, लेकिन उसके बावजूद कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

डॉ. पांडेय ने स्पष्ट किया कि किराया तय करने या उसमें बदलाव करने का अधिकार क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) का होता है। ऐसे में किसी निजी कंपनी द्वारा मनमाने तरीके से किराया घटाना नियमों का उल्लंघन है। यूनियन की ओर से इस संबंध में रेपीडो प्रबंधन को पत्र लिखकर स्थिति स्पष्ट करने और नियमों का पालन करने की मांग की गई है।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि भविष्य में किराया से संबंधित कोई निर्णय लिया जाता है, तो पहले संबंधित विभाग से अनुमति लेकर चालकों को इसकी पूर्व सूचना दी जानी चाहिए। अन्यथा यूनियन इसे बर्दाश्त नहीं करेगी और जरूरत पड़ने पर संवैधानिक तरीके से आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन की होगी।

Related Post