Breaking
Thu. Jun 11th, 2026

जमशेदपुर में आपसी विवाद ने लिया हिंसक रूप, चाकूबाजी में चार घायल, दो की हालत गंभीर

जमशेदपुर। आजादनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित नूर कॉलोनी में शनिवार रात करीब 9 बजे आपसी विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते चाकूबाजी तक पहुंच गया, जिसमें चार लोग घायल हो गए। घायलों में शेख खान (18 वर्ष), समीर खान (20 वर्ष), मोहम्मद शोएब (22 वर्ष) और पप्पू शामिल हैं। इनमें से समीर खान को छोड़ अन्य सभी को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद पहले आपसी बहस से शुरू हुआ था, लेकिन कुछ ही देर में अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार, विशेषकर भुजाली, से हमला कर दिया। हमले में तीन युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे एक अधेड़ व्यक्ति पप्पू को भी निशाना बनाया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।

इसी दौरान हमलावरों ने मौके पर खड़ी एक बुलेट बाइक में आग लगा दी। हालांकि, गश्त पर निकली आजादनगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और आग पर काबू पाया। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दो की हालत गंभीर जबकि दो की स्थिति स्थिर बताई है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चंदन कुमार और अन्य पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। डीएसपी भोला प्रसाद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।

Related Post