Breaking
Wed. Jul 1st, 2026

आतिशबाजी की चिंगारी से स्कॉर्पियो में लगी आग, बाल-बाल बचे बाराती

जमशेदपुर। आजादनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित अपना मैरेज हॉल के पास शनिवार देर साढ़े बारह रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक शादी समारोह के दौरान आतिशबाजी की चिंगारी से सड़क किनारे खड़ी स्कॉर्पियो में अचानक आग लग गई। घटना ने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया, हालांकि समय रहते लोगों की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, बारात धूमधाम से मैरेज हॉल की ओर बढ़ रही थी और बाराती आतिशबाजी कर रहे थे। इसी दौरान एक चिंगारी पास में खड़ी स्कॉर्पियो पर जा गिरी, जिससे वाहन में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और स्कॉर्पियो धू-धू कर जलने लगी। अचानक हुई इस घटना से मौके पर मौजूद लोगों और बारातियों में हड़कंप मच गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बाल्टी से पानी डालकर और उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आतिशबाजी के दौरान बरती गई लापरवाही ही इस घटना का मुख्य कारण बनी।

गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है। समय रहते आग पर काबू पा लेने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

Related Post