कोडरमा। कोडरमा जंक्शन स्टेशन पर शुक्रवार देर शाम हुए हादसे में 24 वर्षीया महिला की जान चली गई। जानकारी के अनुसार महिला मुस्कान मसी (पति तपन मसी, रामबंध, थाना हीरापुर, वर्धमान) सियालदह- जलियांवाला बाग एक्सप्रेस (12379) के बी-3 कोच में सफर कर रही थी। वह अपने 3 माह के दो जुड़वा शिशुओं और एक भांजी के साथ आसनसोल से दिल्ली जा रही थी। कोडरमा स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 4 पर ट्रेन रुकने के बाद वह कुछ सामान लेने नीचे उतरी। इसी बीच ट्रेन चल पड़ी। हड़बड़ी में चढ़ने के प्रयास में वह दो नीचे गिरकर ट्रेन के पहिए की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरपीएफ के जवान पहुंचे और दोनों मासूम बच्चों व भांजी को अपने संरक्षण में लेकर परिजनों को सूचना दी। हादसे के कारण उक्त ट्रेन आधे घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रही। इस वजह से रांची पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस, गया आसनसोल ईएमयू और झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ।

