Breaking
Thu. Jun 11th, 2026

गुरु नानक उच्च विद्यालय साकची का शानदार रिजल्ट, श्वेता कुमारी बनी टॉपर

जमशेदपुर: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) द्वारा घोषित मैट्रिक (10वीं) परीक्षा परिणाम में गुरु नानक उच्च विद्यालय, साकची ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत सफलता हासिल की है। विद्यालय के सभी 182 विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण कर स्कूल का नाम रोशन किया है। इनमें 76 छात्राएं और 106 छात्र शामिल थे।

इस वर्ष विद्यालय की छात्रा श्वेता कुमारी ने 90.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉप किया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी की लहर है। श्वेता की सफलता को अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया जा रहा है।

विद्यालय की प्रधानाचार्या मधुबाला ने परिणाम पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि यह विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का सामूहिक परिणाम है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

वहीं, गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी, साकची के प्रधान सरदार निशान सिंह, महासचिव परमजीत सिंह काले, अजायब सिंह तथा स्कूल सचिव सुखविंदर सिंह निक्कू ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने प्रधानाचार्या मधुबाला के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि कमिटी के मार्गदर्शन में विद्यालय लगातार प्रगति कर रहा है।

विद्यालय परिवार ने इस सफलता को टीम वर्क का परिणाम बताते हुए भविष्य में भी उत्कृष्ट शैक्षणिक माहौल बनाए रखने का संकल्प दोहराया है।

Related Post