Breaking
Fri. Apr 24th, 2026

शिव शंकर ज्वैलर्स डकैती कांड का खुलासा, 7 अपराधी गिरफ्तार, भारी मात्रा में लूटे गए आभूषण बरामद

रामगढ़। रजरप्पा थाना क्षेत्र के चितरपुर स्थित शिव शंकर ज्वैलर्स में 21 अप्रैल 2026 को दिनदहाड़े हुई डकैती की घटना का रामगढ़ पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल सात अपराधियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से भारी मात्रा में सोने-चांदी के लूटे गए आभूषण, हथियार और वाहन बरामद किए गए हैं।

घटना 21 अप्रैल को करीब 3:40 बजे एनएच-23 स्थित रजरप्पा मोड़ पर हुई थी, जहां अपराधियों ने ज्वैलरी दुकान में घुसकर हथियार के बल पर लूटपाट की थी। इस संबंध में दुकान संचालक विष्णु प्रसाद के फर्दबयान पर रजरप्पा थाना कांड संख्या 48/2026 के तहत बीएनएस और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर एसडीपीओ चंदन वत्स के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर रामगढ़, रांची, पलामू, लातेहार सहित अन्य जिलों और बिहार के नालंदा में छापेमारी की।

नालंदा जिले में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मनीष कुमार, रीना देवी और चन्द्रावती देवी को गिरफ्तार किया। इनके पास से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण और एक एर्टिगा कार बरामद की गई। पूछताछ में इन आरोपियों ने स्वीकार किया कि ये सभी आभूषण शिव शंकर ज्वैलर्स से लूटे गए थे और इन्हें बेचने के लिए ले जाया जा रहा था।

इसके अलावा पलामू जिले के पिपराटांड़ थाना क्षेत्र से दो अन्य अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से घटना में प्रयुक्त होंडा शाइन बाइक, वारदात के समय पहने गए कपड़े और लूटे गए जेवर भी बरामद हुए। बाद में रांची और रामगढ़ से अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।

गिरफ्तार आरोपियों में सुभानी अंसारी उर्फ लालका, मनीष कुमार, रीना देवी, चन्द्रावती देवी, आनंद कुमार, अरबाज अंसारी और नसरूल्ला अंसारी उर्फ राजा शामिल हैं। इनमें से सुभानी अंसारी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल, जिंदा कारतूस, अपाची और होंडा शाइन बाइक, स्कूटी, मोबाइल फोन और एक एर्टिगा कार सहित बड़ी संख्या में सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। बरामद सामानों में अंगूठियां, लॉकेट, झुमके, मंगलसूत्र, हार, बाली, चांदी के बर्तन और धार्मिक प्रतीक शामिल हैं, जिनकी संख्या सैकड़ों में बताई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस डकैती कांड में शामिल अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही बरामद आभूषणों की पहचान और उनके वास्तविक मालिकों से मिलान की प्रक्रिया भी जारी है।

इस पूरे ऑपरेशन में रामगढ़ पुलिस के साथ-साथ नालंदा (बिहार) पुलिस, आरपीएफ और विभिन्न थानों की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने इस मामले को बड़ी सफलता मानते हुए कहा है कि संगठित अपराध के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Post