Breaking
Fri. Apr 24th, 2026

वीर शहीद गंगा नारायण सिंह जयंती समारोह को लेकर भव्य आयोजन, विधायक संजीव सरदार ने की अपील

जमशेदपुर। पोटका विधानसभा क्षेत्र से झामुमो विधायक संजीव सरदार ने शुक्रवार को परिसदन में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए बताया कि स्वतंत्रता सेनानी एवं भूमिज विद्रोह (1832-33) के महानायक वीर शहीद गंगा नारायण सिंह की जयंती के अवसर पर 25 अप्रैल 2026 (शनिवार) को एक भव्य सांस्कृतिक समागम सह विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम विष्टुपुर स्थित रीगल (गोपाल) मैदान में सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा।

उन्होंने कहा कि गंगा नारायण सिंह आदिवासी समाज के गौरव और स्वाभिमान के प्रतीक रहे हैं। उनका संघर्ष अंग्रेजी हुकूमत और अन्याय के खिलाफ था, जिसे आज भी समाज प्रेरणा के रूप में याद करता है। इस आयोजन का उद्देश्य उनके बलिदान को स्मरण करना और नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से जोड़ना है।

कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार सुबह 11 बजे से 12 बजे तक पूजाअर्चना एवं माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक समाज के सरदारों और पारंपरिक नेतृत्वकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा तथा आवश्यक सामग्री का वितरण होगा। 1 बजे से 2 बजे तक विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी, जिसमें समाज के विभिन्न मुद्दों और इतिहास पर चर्चा होगी।

दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। वहीं शाम 4 बजे से 5:30 बजे तक बुद्धिजीवियों द्वारा संबोधन होगा, जिसमें सामाजिक एकता, संस्कृति संरक्षण और अधिकारों पर प्रकाश डाला जाएगा।

विधायक संजीव सरदार, जो इस आयोजन के संरक्षक हैं, ने क्षेत्र के सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि “हम सभी को एकजुट होकर अपने इतिहास, संस्कृति और वीर शहीदों के बलिदान को याद करना चाहिए। आपकी उपस्थिति ही इस कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करेगी।”

इस आयोजन का जिम्मा हातु सरदार, मुंडा, नाया, डाकुवा एवं पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था से जुड़े प्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से संभाला जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि यह कार्यक्रम न केवल श्रद्धांजलि का अवसर है, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने का भी माध्यम बनेगा।

Related Post