चतरा*: जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को लगातार तीसरे दिन बड़ी सफलता मिली है। एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर लावालौंग थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी में पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध अफीम, डोडा और पोस्ता दाना बरामद किया है।
एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने समाहरणालय स्थित कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सूचना मिली थी कि रिमी पंचायत के खाखर गांव में कुछ लोग अपने घरों में अवैध नशीले पदार्थ जमा कर बाहर के व्यापारियों को बेचने की फिराक में हैं।
सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया शुभम कुमार खंडेलवाल के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने गांव के अमारिक गंझू, मनोज गंझू, सरजू गंझू, मदन गंझू, विनोद गंझू और पिंटू गंझू के चिन्हित घरों में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 8 किलो 700 ग्राम गीला अफीम, 3 क्विंटल 70 ग्राम डोडा और 1 क्विंटल 9 किलोग्राम पोस्ता दाना बरामद किया। एसपी के अनुसार जब्त अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है।
हालांकि पुलिस के पहुंचने की भनक मिलते ही सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए। मौके से पुलिस ने तस्करों के आधार कार्ड भी बरामद किए हैं।
इस मामले में अमारिक गंझू, मनोज गंझू, सरजू गंझू, मदन गंझू, विनोद गंझू और पिंटू गंझू के खिलाफ लावालौंग थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
छापेमारी दल में एसडीपीओ के अलावा एनडीपीएस थाना प्रभारी शमी अंसारी, लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार, एसआई विधायक प्रसाद यादव समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चला रही है।

