चाईबासा: भाजपा झारखंड प्रदेश के पूर्व उपाध्यक्ष सह झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई शुक्रवार को मझगांव विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने आवास, सड़क समेत अन्य स्थानीय समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
ग्रामीणों से बातचीत के दौरान बड़कुंवर गागराई ने कहा कि भारत सरकार की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और ग्रामीणों के कल्याण के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को आवास, सड़क, रोजगार और अन्य सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि योजनाएं संचालित होने के बावजूद कई ग्रामीणों को इसका सीधा लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस संबंध में संबंधित विभाग के पदाधिकारियों से चर्चा कर ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पिछले दिनों लगातार हुई बारिश के कारण क्षेत्र के कई कच्चे मकान गिर गए हैं। ऐसे प्रभावित परिवारों को आवास योजना के तहत लाभ दिलाने के लिए पहल की जाएगी। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क की समस्याओं को भी संबंधित विभाग के समक्ष रखा जाएगा।
दौरे के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि एसआईआर से संबंधित दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 30 सितंबर तक समय मिला है। जिन लोगों का नाम छूट गया है, नाम या विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है अथवा जो 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित फॉर्म भरकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज या संशोधित करा सकते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से समय रहते आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।
इसी क्रम में बड़कुंवर गागराई तांतनगर प्रखंड अंतर्गत कासिया गांव पहुंचे, जहां सदाशिव कुम्हार द्वारा आयोजित मां मानसा पूजा कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ शामिल हुए। उन्होंने मां मानसा की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, उन्नति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम में भाजपा तांतनगर मंडल अध्यक्ष जोगेश सवैया, मंडल उपाध्यक्ष सुरेंद्र बोयपाई, महामंत्री बिरेंद्र कुंकल सहित भाजपा के अन्य कार्यकर्ता, गणमान्यजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

