कोडरमा। जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के पेठियाबागी में गुरुवार की रात कुएं में डूबने से 35 वर्षीय युवक दीपक साव उर्फ कल्लू साव की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उसे कुएं से निकालकर इलाज के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना को लेकर युवक की मौत के कारणों पर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, कल्लू साव पेठियाबागी में राशन की दुकान चलाता था। गुरुवार की रात करीब नौ बजे वह दुकान बंद करने के बाद घर पहुंचा था। बताया जाता है कि घर पहुंचने के कुछ देर बाद किसी बात को लेकर उसका पत्नी से विवाद हो गया। ग्रामीणों के अनुसार, विवाद के बाद गुस्से में कल्लू घर के आंगन में बने कुएं में कूद गया। आसपास के लोगों का कहना है कि कल्लू को तैरना आता था और वह पहले भी गुस्से में इसी कुएं में छलांग लगा चुका था। उस समय वह कुछ देर बाद खुद बाहर निकल आया था। इसी वजह से गुरुवार की रात परिजनों और ग्रामीणों ने शुरुआत में कुएं में कूदने की घटना को गंभीर नहीं माना।
काफी देर तक जब कल्लू कुएं से बाहर नहीं आया तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद ग्रामीणों के साथ मिलकर कुएं में देखा गया, जहां वह पानी की सतह पर स्थिर दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तत्काल उसे कुएं से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयनगर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल कोडरमा रेफर कर दिया। सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर, मृतक के पिता छोटन साव ने घटना को हादसा बताया है। उनका कहना है कि दुकान से घर लौटने के बाद कल्लू कुएं के पास हाथ-पैर धोने गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। वहीं, ग्रामीणों के बयान में पत्नी से विवाद के बाद कुएं में छलांग लगाने की बात सामने आई है। मृतक के दो पुत्र और एक पुत्री हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
सूचना मिलने पर जयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की है। पुलिस हादसे में गिरने और विवाद के बाद कुएं में छलांग लगाने, दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

