Breaking
Sun. Apr 5th, 2026

नशीली दवा देकर ट्रक लूटने वाले गिरोह का खुलासा, बालूमाथ से एक आरोपी गिरफ्तार

चतरा: ट्रक चालकों को नशीला पदार्थ खिलाकर वाहन चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का चतरा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में सदर थाना कांड संख्या 91/26, दिनांक 29 मार्च 2026 के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

गुप्त सूचना के आधार पर 3 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने लातेहार जिले के बालूमाथ क्षेत्र में छापेमारी की, जहां एक संदिग्ध व्यक्ति को चोरी के ट्रक के साथ दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आदित्य राज उर्फ आदित्य कुमार उर्फ राजीव रंजन उर्फ मनन चौधरी उर्फ मो. शाहबाज़ बताया। वह बिहार के भागलपुर जिले के हबीबपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहजंगी का रहने वाला है।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर ट्रक चालकों को नशीली गोलियां खिलाकर बेहोश कर देता था और फिर ट्रक लेकर फरार हो जाता था। तलाशी के दौरान उसके पास से 42 नशीली गोलियां, ट्रक का जीपीएस हटाने के उपकरण जैसे प्लास और पेचकस तथा 17 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।

आरोपी ने अपने अन्य साथियों के नाम भी उजागर किए हैं, जिनमें एखलाक खान, राजेश यादव और टुनु यादव शामिल हैं। उसने बताया कि यह गिरोह बिहार और पश्चिम बंगाल के विभिन्न इलाकों में कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। चोरी किए गए ट्रकों को पश्चिम बंगाल के पन्नागढ़ इलाके में बेच दिया जाता था।

पुलिस अब इस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही मामले की गहराई से जांच की जा रही है, ताकि अन्य संबंधित मामलों का भी खुलासा हो सके।

Related Post