जमशेदपुर। टाटानगर और आसपास के रेलखंड में परिचालन व्यवस्था के तहत कई कोचिंग ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। इसके तहत कुछ मेमू ट्रेनें रद्द रहेंगी, कुछ ट्रेनों का आंशिक संचालन किया जाएगा, जबकि कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। साथ ही पहले रद्द की गई कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों को पुनः बहाल करने का निर्णय लिया गया है।
रविवार को रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार आद्रा-मिदनापुर-आद्रा मेमू ट्रेन संख्या 68090/68089 31 मार्च, 3 अप्रैल और 5 अप्रैल 2026 को रद्द रहेगी। वहीं बोकारो-चंद्रपुरा-बराकर (बीजेई-सीआरपी-बीजेई) मार्ग पर चलने वाली मेमू ट्रेन संख्या 68079/68080 31 मार्च, 3, 4 और 5 अप्रैल को नहीं चलेगी। इसके अलावा आद्रा-बराभूम-आद्रा मेमू ट्रेन संख्या 68077/68078 5 अप्रैल को रद्द कर दी गई है।
टाटानगर से जुड़े यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव यह है कि टाटा-आसनसोल-बराभूम (TATA-ASN-BBM) मेमू पैसेंजर ट्रेन संख्या 68056/68060 का 2 अप्रैल 2026 को आंशिक संचालन किया जाएगा। यह ट्रेन आद्रा तक ही चलेगी और आद्रा से आसनसोल के बीच का हिस्सा उस दिन रद्द रहेगा।
वहीं टाटानगर से हटिया जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 18601 (टाटा-हटिया एक्सप्रेस) 31 मार्च, 1 अप्रैल और 4 अप्रैल को परिवर्तित मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन चांडिल-गुंडा बिहार-मुरी के रास्ते चलाई जाएगी, जबकि सामान्यतः यह पुरुलिया मार्ग से संचालित होती है।
इस बीच यात्रियों के लिए राहत की खबर यह है कि पहले जिन ट्रेनों के रद्द रहने की सूचना जारी की गई थी, उनमें से कुछ को बहाल कर दिया गया है। शालीमार-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस (18030) 4 अप्रैल से 24 अप्रैल तक और लोकमान्य तिलक टर्मिनस-शालीमार एक्सप्रेस (18029) 6 अप्रैल से 26 अप्रैल तक अपने निर्धारित समय पर चलेगी।
इसके अलावा लोकमान्य तिलक टर्मिनस से शालीमार जाने वाली ट्रेन संख्या 12101 तथा शालीमार से लोकमान्य तिलक टर्मिनस जाने वाली ट्रेन संख्या 12102 भी अप्रैल माह में निर्धारित तिथियों पर पुनः संचालित की जाएंगी। रेलवे के इस फैसले से टाटानगर के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में राहत मिलने की उम्मीद है।

