Breaking
Fri. Nov 6th, 2026

जुलूस में करतब के दौरान युवक घायल

कोडरमा। रामनवमी जुलूस के दौरान करतब दिखाने के क्रम में बीती रात झुमरीतिलैया में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान तिलैया थाना क्षेत्र के गांधी स्कूल रोड निवासी 20 वर्षीय वीर कुमार के रूप में की गई। वीर के मित्र ने बताया कि बीती रात तिलैया थाना के समीप एक जुलूस में कुछ लोग लाठी डंडे व तलवार से अपना करतब दिखाते हुए मुख्य कार्यक्रम स्थल प्रखंड मैदान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वे तथा उनके मित्र वीर भी झांकी का लुत्फ उठा रहे थे। तभी अचानक से एक अज्ञात व्यक्ति जो तलवार भांज रहा था उसने वीर के सिर पर तलवार से वार कर दिया। जिससे वीर का सिर फट गया और खून निकलना शुरू हो गया। इसके पश्चात वहां मौजूद कुछ लोगों द्वारा एक टोटो को रोक कर उसमें वीर को बिठाया और हम लोग एक निजी अस्पताल पहुंचे। जहां प्रारंभिक इलाज के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया। इधर घटना की सूचना मिलने के पश्चात तिलैया थाना की पुलिस भी अस्पताल पहुंची और घायल का हाल-चाल जाना। पुलिस फिलहाल उस युवक की तलाश में है, जिसने वीर के ऊपर जानलेवा हमला किया।

Related Post