Breaking
Fri. Feb 6th, 2026

घाटशिला जेल में गांजा पहुंचाने की साजिश नाकाम, युवक गिरफ्तार

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला जेल में गांजा तस्करी की एक कोशिश को जेल प्रशासन और पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। कैदी से मिलने के बहाने जेल परिसर तक पहुंचे एक युवक को गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने संदेह के आधार पर पकड़ा, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र की पुलिस ने आरोपी युवक सुजल गोराई को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया है। सुजल गोराई घाटशिला थाना क्षेत्र के खारिका शोल गांव का रहने वाला है। बताया जाता है कि वह जेल में बंद एक कैदी से मिलने के नाम पर अंदर तक पहुंचा था और उसी कैदी के माध्यम से गांजा सप्लाई करने की कोशिश कर रहा था।

जेल गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने शुरुआत में युवक की सामान्य जांच की, जिसमें कोई संदिग्ध वस्तु सामने नहीं आई। हालांकि, जब वह भीतर किसी को कुछ सौंपने की कोशिश कर रहा था, तभी गार्डों को उस पर शक हुआ। तलाशी लेने पर युवक की अंडरवियर की जेब से गांजा बरामद किया गया। इसके बाद तत्काल धालभूमगढ़ थाना पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुजल गोराई स्थानीय स्तर पर सक्रिय गांजा सप्लाई नेटवर्क से जुड़ा हुआ है और उसी नेटवर्क से उसने गांजा खरीदा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा जेल के भीतर किसी अन्य कैदी या बाहरी व्यक्ति की इसमें भूमिका तो नहीं है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जेल प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा करने की बात कही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Related Post