Breaking
Fri. Feb 6th, 2026

सिदगोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, खंडहर क्वार्टर से 100 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ युवक-युवती गिरफ्तार

जमशेदपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिदगोड़ा पुलिस को सोमवार को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सोमवार की सुबह एग्रिको रोड नंबर–3, भालुबासा स्थित एक खंडहर क्वार्टर में छापेमारी कर ब्राउन शुगर के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पहली बार किसी आपराधिक मामले में पकड़े गए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार छापेमारी के दौरान मौके से कुल 100 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई। इसके अलावा आरोपियों के पास से नकद 5460 रुपये और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि खंडहर क्वार्टर का इस्तेमाल नशे के कारोबार के लिए किया जा रहा था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर निवासी प्रीति कुमारी (27 वर्ष) और बागुननगर टीओपी रोड नंबर–3 निवासी राहुल सांडिल (26 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ब्राउन शुगर की सप्लाई कहां से होती थी और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।

इस मामले में सिदगोड़ा थाना में पदस्थापित एसआई विकास कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को सोमवार देर शाम न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों की तलाश जारी है और आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Related Post