जमशेदपुर। जुगसलाई थाना क्षेत्र में रविवार देर रात अचानक लगी आग ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। जुगसलाई फाटक गोलचक्कर के पास रेलवे ट्रैक से सटे क्षेत्र में उठती आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक नजर आया, जिससे लोगों में भय का माहौल बन गया।
रविवार की रात जुगसलाई फाटक गोलचक्कर के समीप रेलवे लाइन के किनारे अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और तेज लपटों के साथ घना धुआं चारों ओर फैल गया। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के दुकानदार, राहगीर और स्थानीय लोग सुरक्षित दूरी बनाए रखते नजर आए, वहीं कुछ देर के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। टायरों में लगी आग तेजी से फैलने के कारण दमकल कर्मियों को काबू पाने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। पुलिस भी घटनास्थल पर तैनात रही और भीड़ को नियंत्रित करते हुए यातायात व सुरक्षा व्यवस्था संभाले रही।
बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति के प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रशासन ने पहले ही फाटक गोलचक्कर के पास फुटपाथ पर लगी टायर दुकानों को हटवा दिया था। दुकानदारों ने अपने टायर रेलवे बाउंड्री के पीछे अस्थायी रूप से जमा कर दिए थे। आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं टायरों में किसी वजह से आग लगी, जिसने थोड़ी ही देर में बड़ा रूप ले लिया।
गौरतलब है कि सोमवार को इसी मार्ग से राष्ट्रपति का काफिला करनडीह जाहेरथान की ओर जाने वाला है। ऐसे में आग की घटना के बाद जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हो गई हैं। पूरे इलाके में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच जारी है। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। दमकल विभाग की टीमें देर रात तक मौके पर मौजूद रहीं और आग को पूरी तरह नियंत्रित करने में जुटी रहीं।

