चाईबासा: शहर के शहीद पार्क चौक के समीप आईबीपी पेट्रोल पंप के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग-75 (ई) पर नाली निर्माण के लिए छोड़े गए खुले गड्ढे वाहन चालकों के लिए परेशानी और हादसे का कारण बन रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश और रात के समय इन गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं हो पाता। इसके कारण कई दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक गड्ढों में गिरकर चोटिल हो चुके हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग के संवेदक द्वारा सड़क किनारे बड़े नाले का निर्माण कराया जा रहा है। नाली के दोनों छोर पर लोहे की छड़ लगे गड्ढे और बीच में एक स्लैब लंबे समय से खुले पड़े हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य कर रहे संवेदक से कई बार गड्ढों की घेराबंदी और सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की गई, लेकिन अब तक उचित व्यवस्था नहीं की गई है।
मामले को लेकर सड़क सुरक्षा समिति के वरिष्ठ सदस्य अधिवक्ता राजाराम गुप्ता ने राष्ट्रीय राजमार्ग-75 (ई) चाईबासा के सहायक अभियंता हरि सिंह मुंडा को इसकी जानकारी दी और तत्काल समाधान की मांग की। राजाराम गुप्ता ने कहा कि समय रहते गड्ढों की घेराबंदी नहीं की गई तो किसी भी समय बड़ी दुर्घटना हो सकती है। निर्माण स्थल पर सुरक्षा के लिए सेफ्टी रिबन आदि भी नहीं लगाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इसी मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप में प्रतिदिन करीब चार से पांच हजार वाहनों का आवागमन होता है। बारिश के दौरान गड्ढों में जलजमाव होने से वाहन चालकों को इनकी स्थिति का पता नहीं चल पाता, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।
इस संबंध में सहायक अभियंता हरि सिंह मुंडा ने बताया कि मार्ग में विद्युत विभाग के कुछ केबल तार होने के कारण नाली निर्माण में विलंब हो रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही गड्ढों को भरकर समस्या का समाधान किया जाएगा।

