Breaking
Tue. Aug 25th, 2026

*लातरसिका में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, आठ अवैध शराब भट्ठियां ध्वस्त*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध मदिरा के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग का अभियान लगातार जारी है। उपायुक्त, पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा और अधीक्षक उत्पाद, पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा के निर्देश पर मंगलवार को मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के लातरसिका में अवैध चुलाई शराब के निर्माण के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया गया।

छापेमारी के दौरान लातरसिका में संचालित आठ अवैध चुलाई शराब की भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान सभी भट्ठी संचालकों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। अभियान के दौरान आठ फरार अभियोग भी दर्ज किए गए।

उत्पाद विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान मौके से करीब 100 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की। वहीं, शराब तैयार करने के लिए भट्ठियों में संचित करीब 3,000 किलोग्राम किण्वित जावा-महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब का कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा है।

उत्पाद विभाग की ओर से बताया गया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित अवैध शराब भट्ठियों की जानकारी मिलने पर संबंधित स्थानों पर कार्रवाई की जाएगी।

इधर, अनुज्ञप्ति प्राप्त खुदरा शराब दुकानों के नियमित निरीक्षण के निर्देश के तहत विभाग की टीम ने कंपोजिट शराब दुकान, भगत सिंह चौक, अनुज्ञप्ति संख्या 043_COM_WES_25-26 और कंपोजिट शराब दुकान, पदमपुर, अनुज्ञप्ति संख्या 032_COM_WES_25-26 का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दुकानों में शराब बिक्री और अनुज्ञप्ति की शर्तों से संबंधित व्यवस्था की जांच की गई। दुकान विक्रेताओं को नियमानुसार दुकान का संचालन करने, निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य पर ही मदिरा की बिक्री करने तथा अनुज्ञप्ति की सभी शर्तों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया।

विभाग ने स्पष्ट किया कि अनुज्ञप्ति प्राप्त दुकानों में भी नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए छापेमारी अभियान लगातार चलाया जाएगा। विभाग की कार्रवाई का उद्देश्य अवैध मदिरा के कारोबार पर अंकुश लगाने के साथ लोगों को इसके दुष्प्रभावों से बचाना भी है।

Related Post