Breaking
Tue. Aug 25th, 2026

साकची अग्रसेन भवन में धूमधाम से मना जीण माता का सिंघारा और झूलन उत्सव

सावन-तीज के भजनों पर झूमे श्रद्धालु, भव्य श्रृंगार और छप्पन भोग रहा आकर्षण का केंद्र

जमशेदपुर: साकची स्थित अग्रसेन भवन में मंगलवार को धार्मिक संस्था जीण माता परिवार जमशेदपुर की ओर से जीण माता का सिंघारा एवं झूलन उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सावन और तीज के पारंपरिक भजनों पर महिलाओं ने जमकर नृत्य किया और पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।

कार्यक्रम के मुख्य यजमान पाना देवी-नथमल शर्मा और पिंकी-जगदीश खेमका ने पूजा-अर्चना कर ज्योत प्रज्ज्वलित की। पंडित अमित शर्मा ने विधिवत पूजा संपन्न कराई। आयोजन के दौरान महिलाओं के लिए भजनों की हाउजी (तंबोला) का भी आयोजन किया गया। इसमें विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

कोलकाता से पहुंचे प्रसिद्ध भजन गायक नीरज अग्रवाल और स्थानीय कलाकार मोनू शर्मा ने अपनी प्रस्तुतियों से माता का गुणगान किया। मंगल पाठ के दौरान दोनों कलाकारों ने मां की महिमा का भावपूर्ण वर्णन किया, जिससे श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो गए।

कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना ‘म्हारा प्यारा रे गजानन आइज्यो…’ से हुई। इसके बाद ‘हिंडो तो गालयो…’, ‘भक्तों ने झूला डाला…’, ‘मइया जी सावन आयो…’, ‘मेंहदी मंडवा ले मईया मेंहदी लाया राचनी…’, ‘मइया जी थारा झूला शतरंगी…’, ‘करस्यां सिंधारा थारा मावड़ी…’ और ‘सावन का महीना पवन करे शोर, माता जी झूले भक्त झुलाये चितचोर…’ जैसे सावन-तीज के भजनों की प्रस्तुति दी गई।

इसके अलावा ‘कोई देवता नहीं है भोलेनाथ की तरह…’ और ‘सलासर में एक ऐसा सरदार हैं…’ जैसे भजनों पर भी श्रद्धालु झूमते नजर आए। महिलाओं ने भक्ति गीतों पर नृत्य कर उत्सव का माहौल और खुशनुमा बना दिया।

ये रहे प्रमुख आकर्षण

उत्सव में जीण माता का भव्य श्रृंगार, ज्योत, झूलन उत्सव, भजनों पर नृत्य, भजनों की अंताक्षरी, हाउजी (तंबोला), महिलाओं की मेहंदी और छप्पन भोग प्रसाद विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। माता रानी की बेटियां ग्रुप और गोरिया वाली जीण माता ग्रुप की महिलाओं ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

आयोजन में समाज के कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।

आयोजन की सफलता में इनका रहा योगदान

कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के शंभू खन्ना, बजरंग लाल अग्रवाल, तुलसी खेमका, बिनोद खन्ना, सुनील देबुका, शंकर लाल अग्रवाल, मनीष खन्ना, अनंत अग्रवाल समेत जीण माता परिवार के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Related Post