Breaking
Tue. Aug 25th, 2026

*त्योहारों को लेकर मिठाई दुकानों की जांच, दो प्रतिष्ठानों में मिली खामियां*

चाईबासा: आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से मंगलवार को सदर बाजार चाईबासा स्थित विभिन्न मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया गया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी धनेश्वर हेम्ब्रम के नेतृत्व में हुई जांच के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के क्रम में आम्रपाली, अन्नपूर्णा स्वीट, स्वीट इंडिया, सिंह होटल और राजस्थान स्वीट की जांच की गई। इस दौरान दुकानों में खाद्य अनुज्ञप्ति एवं पंजीकरण, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था तथा प्रतिष्ठान की साफ-सफाई की स्थिति की जांच की गई।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी धनेश्वर हेम्ब्रम ने सभी खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिया कि बिना निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि तथा खाद्य अनुज्ञप्ति या पंजीकरण की जानकारी अंकित पैकेटबंद खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं की जाए। उन्होंने खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण और दुकानों में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा।

जांच के दौरान अन्नपूर्णा स्वीट में खाद्य पदार्थों को रखने के लिए अखबार का इस्तेमाल किया जाना पाया गया। वहीं स्वीट इंडिया में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। दोनों प्रतिष्ठानों के संचालकों को आवश्यक सुधार करते हुए दो दिनों के भीतर व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित समय सीमा में सुधार नहीं किए जाने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने कहा कि त्योहारों के दौरान मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य कारोबारियों की जिम्मेदारी है कि वे ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराएं। उन्होंने सभी दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण और प्रतिष्ठानों में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के प्रति विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।

विभाग की ओर से आने वाले दिनों में भी खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण जारी रखने की बात कही गई है, ताकि त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकें।

Related Post