Breaking
Wed. Mar 18th, 2026

एग्रिको मैदान में रंगरेटा महासभा का शहीदी दिहाड़ा, श्रद्धा के साथ उमड़ा जनसैलाब

जमशेदपुर। सिदगोड़ा स्थित एग्रिको ट्रांसपोर्ट मैदान में झारखंड रंगरेटा महासभा की ओर से आयोजित दो दिवसीय शहीदी दिहाड़ा कार्यक्रम रविवार को पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ आरंभ हुआ। यह कार्यक्रम आदरणीय बाबा जीवन सिंह जी के चार पुत्रों की शहादत की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है, जिसे रंगरेटा सिख समाज पिछले लगभग सात वर्षों से लगातार मनाता आ रहा है।

कार्यक्रम में ओडिशा के पूर्व राज्यपाल सह झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर सबसे पहले वाहेगुरु के समक्ष मत्था टेका और भजन-कीर्तन सुना। इसके बाद उन्होंने समाज के लोगों के साथ बैठकर लंगर ग्रहण किया और उपस्थित श्रद्धालुओं से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान रघुवर दास ने लोगों के साथ बातचीत की और कई लोगों के साथ स्मृति स्वरूप सेल्फी भी ली।

दो दिवसीय यह आयोजन रविवार, 28 दिसंबर से शुरू होकर सोमवार, 29 दिसंबर को संपन्न होगा। कार्यक्रम के दौरान विशाल लंगर की व्यवस्था की गई है, जिसमें करीब 50 हजार लोगों के प्रसाद ग्रहण करने की व्यवस्था की गई है। झारखंड रंगरेटा महासभा के महासचिव मंजीत सिंह ने बताया कि शहीदी दिहाड़ा के इस आयोजन में झारखंड सहित आसपास के राज्यों से भी बड़ी संख्या में रंगरेटा सिख समाज के लोग भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज हर वर्ष इस आयोजन के माध्यम से शहीदों की कुर्बानी को याद करता है और सेवा, समर्पण व एकता का संदेश देता है।

Related Post