जमशेदपुर: उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई श्यामनगर में चार दिनों से लापता चल रहे 24 वर्षीय प्रदीप साहू का शव गुरुवार सुबह स्वर्णरेखा नदी के छठ घाट के पास संदिग्ध हालत में मिलने के बाद इलाके में तनाव फैल गया। शव मिलते ही स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश पनप उठा और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
शव की पहचान होने के बाद परिजन और स्थानीय लोग गुस्से से उबल पड़े। उन्होंने आरोप लगाया कि संकोसाई रोड नंबर 1 का नदी किनारा नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का ठिकाना बन चुका है, लेकिन पुलिस लगातार लापरवाह बनी हुई है। इसी नाराजगी के बीच लोगों ने प्रदीप का शव उठाकर उलीडीह थाना के पास मुख्य सड़क पर रख दिया और जाम लगा दिया। जाम के कारण संकोसाई रोड नंबर 1 से लेकर आजादनगर की तरफ जाने वाले रास्ते घंटों तक बंद रहे। वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और पूरे क्षेत्र में अफरा–तफरी का माहौल बन गया।
परिजनों ने कहा कि प्रदीप रविवार शाम से लापता था, लेकिन उसकी खोज में पुलिस की ओर से समय पर प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। उनकी मांग थी कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और जिम्मेदार लोगों पर कठोर कार्रवाई की जाए। उधर पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि मौत हादसे, नशे से जुड़े विवाद या किसी अन्य कारण से हुई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
प्रदर्शन के बीच थाना प्रभारी ने लोगों को आश्वासन दिया कि नदी घाट क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी और नशे से जुड़े असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाएगा। पुलिस की ओर से कार्रवाई के भरोसे के बाद स्थानीय लोगों ने जाम हटाया, हालांकि इलाके में तनाव अब भी बना हुआ है और लोग दोषियों पर जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

