Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

बरही में भीषण सड़क हादसा: शादी में जा रहे परिवार की कार डिवाइडर से टकराई, तीन की मौत, छह घायल

हजारीबाग: जिले के बरही थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह फोरलेन सड़क पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पंचमाधव गंगटाही पुल के पास उस समय हुआ, जब कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी।

मिली जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के आसनसोल (कुल्टी) निवासी यह परिवार बिहार में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। यात्रा के दौरान उनकी स्विफ्ट कार (WB 44A 0415) अचानक नियंत्रण खो बैठी और जोरदार तरीके से डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों में श्रीनाथ यादव की पत्नी पूनम देवी (55), जय भगवान यादव (40) और 10 वर्षीय अंशिका कुमारी शामिल हैं।

दुर्घटना में घायल हुए परिवार के अन्य सदस्यों में धर्मेंद्र यादव (35), शिवम कुमार (12), अभिराज कुमार, मृत्युंजय कुमार (8), कौशल्या देवी (जय भगवान यादव की पत्नी) और ज्योति कुमारी (24) शामिल हैं। सभी को तुरंत बरही अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद पाँच घायलों को बेहतर उपचार के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया गया कि धर्मेंद्र यादव और शिवम कुमार की स्थिति बेहद गंभीर है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और घायल परिजनों से हादसे की विस्तृत जानकारी ली जा रही है।

Related Post