सरायकेला।सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां थाना क्षेत्र अंतर्गत सुदूरवर्ती नक्सल प्रभावित रायजामा गांव में अंधविश्वास से जुड़ी एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव की एक बुजुर्ग महिला की डायन होने के संदेह में निर्मम हत्या कर उसके शव को पहाड़ी पर गड्ढे में दफना दिया गया। मृतका की पहचान 62 वर्षीय गुरुवारी सरदार, पति स्वर्गीय मोटा सरदार, ग्राम रायजामा निवासी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवारी सरदार 31 अक्टूबर से लापता थीं। ग्रामीणों से मिली गुप्त सूचना के बाद खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार के नेतृत्व में जांच शुरू की गई। जांच में पता चला कि महिला को उसी दिन गांव के दो व्यक्तियों—गुरुवा सरदार और सोमा सरदार—ने घर के बाहर से ही उठा लिया था। जब दोनों से पूछताछ की गई तो उन्होंने हत्या की बात स्वीकार करते हुए बताया कि शव को गांव से कुछ दूरी पर गोवरगोटा पहाड़ स्थित एक गड्ढे में दफनाया गया है।
सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैया, प्रशिक्षु एसडीपीओ पूजा कुमारी, अंचल अधिकारी कप्तान सिंकू, सरायकेला इंस्पेक्टर नितिन कुमार सिंह और थाना प्रभारी गौरव कुमार की मौजूदगी में कब्र की खुदाई कर कंकाल को बरामद किया गया। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के घर में परिजनों के लगातार बीमार रहने के कारण दोनों ने महिला पर डायन होने का आरोप लगाकर उसकी हत्या कर दी। फिलहाल दोनों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं और मामले की गहन जांच जारी है।*

