चाईबासा: मांगीलाल रूंगटा प्लस टू विद्यालय में ‘ईच वन प्लांट वन’ कार्यक्रम के तहत रविवार को पौधारोपण और पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय की ओर से पिछले करीब 10 वर्षों से चली आ रही परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी बड़े स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विद्यालय की प्राचार्य शिल्पा गुप्ता की अध्यक्षता में हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि चाईबासा नगर परिषद के अध्यक्ष नितिन प्रकाश तथा विशिष्ट अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय और वार्ड पार्षद सुनीता खलखो मौजूद रहीं। अतिथियों ने पौधारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया और विद्यार्थियों के बीच पौधों का वितरण भी किया गया। बच्चों ने उत्साह के साथ पौधे लगाए और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी लेने का संकल्प लिया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण को लेकर सामूहिक रूप से संकल्प भी लिया गया।
कार्यक्रम के तहत एनसीसी कैडेट्स के लिए जागरूकता और प्रेरक सत्र का भी आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य कैडेट्स में अनुशासन, स्वच्छता, नेतृत्व क्षमता और एनसीसी के प्रशिक्षण एवं पाठ्यक्रम के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
प्राचार्य शिल्पा गुप्ता ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों में अनुशासन, जिम्मेदारी और नेतृत्व की भावना विकसित करने का माध्यम है। अतिथियों ने भी विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अनूप चक्रवर्ती, अनंजय प्रसाद, संगीता सिन्हा, पंकज सिंह, जंबल पुर्ती, रामचंद्र सवैया, एनसीसी के सभी कैडेट्स तथा विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

