Breaking
Sun. Sep 20th, 2026

*रोटरी क्लब ने लगाया निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, 65 लोगों की हुई जांच*

चाईबासा: रोटरी क्लब ऑफ चाईबासा की ओर से रविवार को शहीद पार्क गेट के समीप निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। सुबह सात बजे से 10:30 बजे तक चले शिविर में कुल 65 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। शिविर के माध्यम से लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक भी किया गया।

शिविर में लोगों की लंबाई, वजन, रक्तचाप और रक्त शर्करा की निःशुल्क जांच की गई। जांच के दौरान चिकित्सकीय टीम ने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी दी और नियमित रूप से स्वास्थ्य की जांच कराने की सलाह दी। शिविर में आसपास के लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया।

रोटरी क्लब ऑफ चाईबासा के अध्यक्ष अमित पोद्दार ने कहा कि क्लब का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों तक स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर विभिन्न स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाते हैं। ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ बीमारियों की समय पर पहचान करने में भी मदद मिलती है।

यह सेवा कार्य रोटेरियन सुशील मूंधड़ा की ओर से उनके स्वर्गीय सुपुत्र अक्षत मूंधड़ा की पुण्य स्मृति में प्रायोजित किया गया। शिविर का संचालन डॉ. सौम्या सेनगुप्ता और सदर अस्पताल चाईबासा की चिकित्सकीय टीम के सहयोग से किया गया।

रोटरी क्लब के सदस्यों ने चिकित्सकीय टीम के सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में इस तरह के कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।

शिविर में अमित पोद्दार, सुशील मूंधड़ा, अनिल शर्मा, महेश खत्री, सौरव प्रसाद, सुशील चौमाल और रमेश चंद्र दत्तानी सहित रोटरी क्लब के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में रोटरी क्लब ऑफ चाईबासा की ओर से डॉ. सौम्या सेनगुप्ता, सदर अस्पताल की चिकित्सकीय टीम, रोटरी क्लब के सभी सदस्यों और शिविर में पहुंचे नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। क्लब ने भविष्य में भी जनहित और स्वास्थ्य सेवा से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित करने की बात कही।

Related Post