Breaking
Sun. Sep 20th, 2026

*झलियामारा से बेहराबिंदा तक चार किमी सड़क का होगा निर्माण, सांसद जोबा माझी ने किया शिलान्यास*

चाईबासा: सोनुवा प्रखंड के झलियामारा से बेहराबिंदा तक करीब चार किलोमीटर लंबी जर्जर सड़क का अब निर्माण होगा। लंबे समय से खराब पड़ी सड़क के निर्माण कार्य का रविवार को सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने शिलान्यास किया। सड़क निर्माण की योजना शुरू होने से स्थानीय ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।

शिलान्यास कार्यक्रम से पहले ग्रामीण देहरी की ओर से पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद सांसद जोबा माझी ने योजना से संबंधित शिलापट्ट का अनावरण कर सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत की।

इस अवसर पर जोबा माझी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क और आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। लंबे समय से ग्रामीण इस सड़क के निर्माण की मांग कर रहे थे। सड़क बनने के बाद झलियामारा, बेहराबिंदा सहित आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी और सोनुवा प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचना आसान होगा।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के समक्ष रखा जा रहा है, ताकि लोगों को आवश्यक सुविधाओं का लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क का निर्माण किया जाना है। सड़क बनने से झलियामारा और बेहराबिंदा के अलावा आसपास के कई गांवों के ग्रामीणों को भी इसका लाभ मिलेगा। इससे ग्रामीणों को सोनुवा प्रखंड मुख्यालय आने-जाने में सहूलियत होगी और लंबे समय से सड़क की समस्या से जूझ रहे लोगों को राहत मिलेगी।

कार्यक्रम में ग्रामीण कार्य विभाग के सहायक अभियंता मोनीश अतहर, कनीय अभियंता आनंद कुमार, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सागर महतो, बेहराबिंदा के ग्रामीण मुंडा लखिन्द्र महतो, झलियामारा के जयपाल हेम्ब्रम, गणेश जोंको, बोयकेडा के मुखिया सोहन माझी, पूर्व मुखिया अमित अंगरिया, बजरंग साहू, सूरज साहू, काजल प्रधान, भीमसेन माझी, दीपक माझी, रमेश महतो, सुभाष महतो, सनातन पूर्ति सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

Related Post